भिलाई। बारिश के साथ ही जगह जगह हादसे का दौर भी शुरू हो जाता है। कहीं पानी भर गया तो कहीं गड्ढों में बाहक सवार गिर जाते हैं। इसी प्रकार बिजली गिरने की घटनाएं होती हैं। भिलाई शहर के बैकुंट धाम क्षेत्र में अलग ही हादसा हो गया। बारिश के कारण यहां एक बिजली के पोल पर ही करंट दौड़ने लगा। इससे पहले की पोल को कोई इंसान छूता एक गाय उसकी चपेट में आ गई। गाय की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। गाय की मौत हुई तो लोगों को पता चला कि पोल पर करंट दौड़ रहा है। आनन फानन में बिजली विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची मेंटेनेंस की टीम ने फाल्ट सुधारा।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा कैंप-2 बैकुंटधाम के पास की है। बीते तीन दिनों से शहर में लगातार बारिश हो रही है। सोमवार की रात 11 बजे रास्ते से गुजर रही गाय एक बिजली पोल के नजदीक से गुजर रही थी। इस दौरान अचानक गाय छटपटाने लगी और देखते ही देखते उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने यह नजारा देखा तो पोल के पास पहुंचे। लोगों ने टेस्टर से जांच की तो हैरान रह गए। क्योंकि बिजली के पोल में करंट था।
इसके बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई। मेंटेनेंस टीम ने पहुंचकर तत्काल पॉवर सप्लाई बंद की और फाल्ट को सुधारा। इस हादसे में एक बेजुबान जानवर की मौत हो गई वहीं इसे लेकर मोहल्ले वालों में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना था कि गाय के साथ इंसान भी इसकी चपेट में आता तो उसकी भी मौत हो जाती। इस पूरे मामले में लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।




