सुपेला पुलिस की कार्रवाई, गिरोह में दो नाबालिग भी शामिल, वाहन भी चुराते थे आरोपी
भिलाई। निर्माणाधीन मकानों में वायर व अन्य सामान चोरी करने चार शातिरों को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। आरोपी निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाते थे। यही नहीं मौका मिलने पर वाहन भी चुरा लेते थे। मकानों से चुराया हुए वायर से कॉपर निकालकर कबाड़ी को बेचते थे। पुलिस ने चोरी का कॉपर खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया है। अरोपियों के पास से चोरी की 02 मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त 01 जुपिटर स्कूटी, वायर काटने का कटर एवं नगदी बरामद किया गया है। वहीं कबाड़ी के पास से भारी मात्रा में कॉपर केबल बरामद किया गया।
इस मामले में 29 सितंबर को प्रार्थी गुलशन कुमार द्वारा थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उन्होंने बताया कि 28 सितंबर की रात्रि लगभग 8 बजे दक्षिण गंगोत्री सुपेला के पास से उसकी हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-BT-9124 अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। रिपोर्ट पर थाना सुपेला में धारा 303(2), 111(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी के वाहनों को बेचने की फिराक में दाऊ बाड़ा तालाब के पास घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर घेराबंदी कर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ एवं विवेचना के दौरान दोपहिया वाहन चोरी तथा निर्माणाधीन मकानों से बिजली वायर चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता सामने आई। आरोपी जुपिटर स्कूटी से घूम-घूमकर दोपहिया वाहनों एवं निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाते थे। वे वाहन चोरी करने के साथ मकानों से बिजली वायर एवं अन्य सामग्री चोरी करते थे। पूछताछ में चोरी किए गए केबल वायर को छावनी क्षेत्र के एक कबाड़ी को 40,000 रुपये में बेचना बताया गया है। इस संबंध में तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर विवेचना की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों में लोकेश ठाकुर संजय नगर सुपेला तथा समीर कुमार डहरे संजय नगर सुपेला तथा दो नाबालिग शामिल हैं।
वायर खरीदने वाला कबाड़ी भी पकड़ाया
विवेचना के दौरान पूर्व में गिरफ्तार आरोपी लोकेश ठाकुर व समीर कुमार डहरे सहित दोनों नाबालिगों ने पूछताछ में चोरी किए गए कॉपर वायर को तीन अन्य चोरियों के कॉपर वायर के साथ मिलाकर कबाड़ी मनोज कुमार गुप्ता को 40000 में बेचने की जानकारी दी। इसके आधार पर सुपेला पुलिस टीम द्वारा कबाड़ी की दुकान पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान चोरी का कॉपर वायर एवं रेलवे पटरी में उपयोग होने वाला लोहे का सामान बरामद किया गया। आरोपी मनोज कुमार गुप्ताको गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक एस.एन. सिंह के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सुबोध पाण्डेय, प्रहलाद सिरमौर, आरक्षक रवि साहू, गंगेश गात्रे एवं डोमर बोर्झा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने दोपहिया वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक करके खड़ा करें तथा निर्माणाधीन मकानों में बिजली वायर एवं अन्य कीमती सामग्री की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था रखें। चोरी की घटना अथवा चोरी की संपत्ति खरीदने-बेचने से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी थाने या डायल 112 पर सूचना दें। अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस का सहयोग करें।




