भिलाई। दूसरे के नाम पर वाहन व सामग्री फाइनेंस कर धोखाधड़ी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। स्मृति नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 वाहन व एक वाशिंग मशीन जब्त किया है। आरोपियों द्वारा जरूरतमंद लोगों को आर्थिक लाभ का लालच देकर उनके नाम पर वाहन एवं अन्य सामग्री फाइनेंस कराई जाती थी। प्रकरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों से पूछताछ तथा शेष मसरूका की पतासाजी एवं बरामदगी की कार्रवाई विवेचना के दौरान जारी है।*
प्रार्थी मनीष डहेरवाल निवासी भिलाई नगर जिला दुर्ग द्वारा 21 सितंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर में शिकायत प्रस्तुत की गई कि आरोपियों द्वारा छल-कपट एवं धोखाधड़ी करते हुए प्रार्थी एवं उसके परिचितों के नाम पर वाहन एवं अन्य सामग्री फाइनेंस कराकर आर्थिक एवं संपत्ति संबंधी नुकसान पहुंचाया गया है। शिकायत एवं जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपियों द्वारा जरूरतमंद लोगों को आर्थिक लाभ एवं सहायता का लालच देकर उनके नाम पर वाहन एवं अन्य सामग्री फाइनेंस कराई जाती थी। फाइनेंस के समय डाउन पेमेंट स्वयं करने तथा EMI भरने का आश्वासन दिया जाता था। इसके बाद फाइनेंस कराई गई सामग्री को कम कीमत पर अन्य व्यक्तियों को बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट ली जाती थी। प्रकरण में फाइनेंस कराए गए वाहन एवं अन्य सामग्री से संबंधित धोखाधड़ी की घटना चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला क्षेत्र से संबंधित है।
इस मामले में पुलिस ने जसमीत सिंह उर्फ प्रिंस निवासी कैलाश नगर, भिलाई तथा भोजराज राय उर्फ भोजू निवासी कोहका भिलाई को गिरफ्तार किया है। उक्त कार्यवाही में चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रकरण की त्वरित विवेचना, आरोपियों की पतासाजी तथा मसरूका की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपने नाम से वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री अथवा अन्य वस्तु फाइनेंस कराने से पूर्व उसके वास्तविक उद्देश्य एवं भुगतान संबंधी दायित्वों की पूरी जानकारी प्राप्त करें। अपने दस्तावेजों एवं वित्तीय जानकारी का उपयोग किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर न करें तथा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।



