रायपुर Raipur. राजधानी रायपुर में खौफनाक मामला सामने आया है। रायपुर के लालपुर क्षेत्र में एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसकी लाश को दीवान में छिपा दिया। जब बदबू आने लगी तो वह पुलिस के पास पहुंचा और पत्नी की किसी किसी के द्वारा हत्या किए जाने की गलत जानकारी दे दी। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद पति को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात मान ली। यहा पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार लालपुर इलाके में कीर्तन साहू अपनी पत्नी बबीता साहू के साथ रहता था। शुक्रवार देर शाम को कीर्तन ने पुलिस थाने पहुंचकर बताया कि उसकी पत्नी की किसी ने हत्या कर दी है। उसने बताया कि वह घर से बाहर था और जब लौटा तो घर में बदबू आ रही थी। बदबू वाले जगह पर दीवान रखा हुआ था और दीवान खोलने पर उसने पत्नी की लाश देखी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दीवान से शव को निकलवाकर पीएम के लिए भेजा।
शुरुआती जांच में पुलिस को कीर्तन साहू पर ही शक हुआ। पुलिस ने कीर्तन से सख्ती बरती तो वह टूट गया और पूरी सच्चाई उगल दी। उसने बताया कि बबीता से उसकी दूसरी शादी की थी। उसने बताया कि वह शराब पीने का आदी है इस बात को लेकर उसका पत्नी बबीता के साथ झगड़ा होता था। 11 मई को भी उसने शराब पी रखी थी और घर पहुंचने पर उसकी पत्नी ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद बड़ा तो उसने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को दीवान में छिपा दिया। दूसरे दिन उठा तो शव से बदबू आने लगी तो घबरा गया और थाने पहुंचकर झूठी कहानी बता दी।




