रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमितों की संख्या 9 हजार के पार चली गई है। पिछले 24 घंटों में सामने आए नए मरीजों के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ गया है। वहीं शुक्रवार को तीन संक्रमितों की मौत होने के बाद प्रदेश में मौतों का आंकड़ा भी बढ़ गया है। प्रदेश के सभी जिलों में नए संक्रमितों की पुष्टि हो रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार छत्तीसगढ़ में आज कुल 336 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। खास बात यह रही कि इस दौरान प्रदेश के अलग अलग कोविड अस्पतालों से 309 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है।

336 नए मरीजों के साथ प्रदेश में अब प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 9192 हो गई है। इनमें से 6230 संक्रमित इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और 2908 लोगों का डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है। वहीं प्रदेश में अब तक 54 लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो चुकी है। नए मरीजों में रायपुर से 184, कोंडागांव से 23, दुर्ग से 19, राजनांदगांव से 31, महासमुंद से 9, बिलासपुर से 7, कोरबा से 6, बलरामपुर, बस्तर व बलौदाबाजार से 4-4, जांजगीर, बालोद व कोरिया से 2-2, दंतेवाड़ा, जशपुर, सूरजपुर, सरगुजा, गरियाबंद व कांकेर से 1-1 मामला शामिल है।




