नई दिल्ली (एजेंसी)। कोरोना वायरस के मामलों में बीते करीब दो महीने से लगातार जारी गिरावट अब कम होती दिख रही है। बीते 24 घंटे में देश भर में कोरोना संक्रमण के 45,892 नए केस मिले हैं। वहीं इस अवधि में 44,291 लोग रिकवर हुए हैं। 55 दिनों के बाद यह पहला मौका है, जब कोरोना के नए मामलों की संख्या रिकवर होने वाले लोगों से अधिक है। यही नहीं पिछले एक दिन में कोरोना के चलते 817 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल देश में कोरोना के कुल सक्रिय मामलों की संख्या 4,60,704 है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 45,892 नए मामले सामने आए और 817 मरीजों की जान चली गई है। इससे एक दिन पहले बुधवार को 43733 नए मामले सामने आए और 930 मरीजों ने अपनी जान गंवाई। इससे पहले मंगलवार को 34,067 नए मरीज और 552 लोगों की मौत हुई थी। नए संक्रमितों के साथ ही देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 3,07,09,557 पहुंच गए हैं। वहीं अब तक कोरोना से 4,05,028 की जान जा चुकी है। बीते 24 घंटे में 44,291 मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ ही अब तक 2,98,43,825 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब रहे हैं।
वीकली पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो यह लगातार 5 फीसदी से कम रहते हुए फिलहाल 2.37त्न है। डेली पॉजिटिविटी रेट भी लगातार 17 दिनों से 3 फीसदी से कम बना हुआ है। देश में टीकाकरण की तेज रफ्तार और राज्यों की ओर से लागू की गईं पाबंदियों के चलते बीते कुछ सप्ताहों में तेजी से कोरोना के केसों में कमी देखने को मिली थी। लेकिन अब इसमें एक बार फिर से इजाफा होना चिंता की वजह है। हालांकि अब भी नए केसों की संख्या प्रतिदिन 50,000 के बेंचमार्क से नीचे है, लेकिन सतर्कता बनाए रखना जरूरी है।




