Kabirdham. छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में शुक्रवार को झंडा हटाने को लेकर जमकर बवाल हुआ। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के लोगों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए बीच बचाव में आई पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में एसपी व एएसपी सहित 15 से ज्यादा पुलिस कर्मी घायल हो गए। दरअसल यहां GGP और धर्म गुरु के बीच विवाद सुलझाने के लिए पुलिस पहुंची थी। लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। जिसमें एसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी घायल हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार भोरमदेव थाना क्षेत्र के हरमो गांव में कुछ समय पहले गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के लोगों ने पूजा स्थल पर पार्टी का झंडा लगाया था। गांव के लोगों ने पूजा स्थल होने के कारण पार्टी का झंडे का विरोध किया। इसके बाद 14 फरवरी को समाज के धर्म गुरुओं ने पार्टी का झंडा हटा दिया। इस मामले में GGP के लोगों ने समाज के धर्म गुरु दुर्गे भगत के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने पर GGP के लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी थी। शुक्रवार को बड़ी संख्या में पार्टी के लोग जमा हुए और हरमो की ओर बढ़ने लगे।
पुलिस को खबर मिली तो दोनों पक्षों का विवाद सुलझाने पहुंचे थे। पार्टी के लोगों को रोकने के लिए पुलिस ने बेरीकेडिंग भी की थी। लेकिन उग्र पार्टी के लोगों ने पुलिस के साथ ही गांववालों पर भी पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए आसूं गैस भी छोड़ा। हांलाकि भीड़ के पथराव के कारण एसपी लाल उमेंद सिंह सहित लगभग 15 पुलिस कर्मियों को चोट आई। मौके पर ही चिकित्सकीय टीम द्वारा प्राथमिक उपचार कर सभी को अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।




