रायपुर। आरक्षण बिल पर हस्तक्षर रोकने के विरोध में मंगलवार को राजधानी रायपुर में मंगलवार को कांग्रेस की महारैली निकलेगी। प्रदेश कांग्रेस पार्टी की ओर से महारैली की जोरदार तैयारी की गई है। प्रदेश भर से कांग्रेस के कार्यकर्ता इस महारैली में जुट रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि यह कांग्रेस का अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन होगा और इसके लगभग एक लाख लोग जुटेंगे।
बता दें 2 दिसंबर को विधानसभा से आरक्षण बिल पारित होने के बाद अब तक राज्यपाल के हस्ताक्षर के लिए अटका हुआ है। इसके विरोध में कांग्रेस ने महारैली का आह्वान किया है। आज होने वाली महारैली में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा भी शामिल होंगी। दोपहर 12 बजे साइंस कॉलेज मैदान से कांग्रेस की जन अधिकार महारैली शुरू होगी। कांग्रेस आरक्षण बिल को रोके जाने को लेकर भाजपा पर हमलावर है और सीएम बघेल कई मौकों पर राज्यपाल से जिद छोड़ प्रदेश के हित के लिए बिल पर हस्ताक्षर की मांग कर चुके हैं।




