रायपुर । दिल्ली में राहुल गांधी से मिलने के बाद शनिवार को छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल 46 विधायको के साथ विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। शाम करीब 3.15 बजे भूपेश बघेल ने रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड किया। एयरपोर्ट के बाहर हजारों की संख्या में पहुंचे समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान छत्तीसगढ़ अड़ा है भूपेश बघेल संघ खड़ा है नारे गूंजते रहे।

एयरपोर्ट से निकलने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस मौके पर सीएम बघेल ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि दिल्ली प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के विधायकों की ओर से राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ आने का न्योता दिया है। विधायकों व कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए अगले सप्ताह राहुल गांधी रायपुर आएंगे और छत्तीसगढ़ के विकास का मॉडल देखेंगे। हमने दिल्ली में छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर यहां की योजनाओं के संबंध में अपनी बात रखी है। राहुल गांधी दो दिनों तक छत्तीसगढ़ में रहेंगे। इस दौरान वे बस्तर भी जाएंगे।




