नईदिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना के केसों का आंकड़ा भले ही तेजी से बढ़ नहीं रहा है, लेकिन नए मामलों की रफ्तार न घटने से चिंता बनी हुई है। सोमवार को सुबह एक बार फिर से पिछले एक दिन में 39,361 नए केस दर्ज किए गए हैं। इससे पहले रविवार को भी 39,742 नए केस पाए गए थे। साफ है कि कोरोना के नए केसों का आंकड़ा खतरे के निशान के करीब बना हुआ है यानी लगातार 40,000 के आसपास नए केस मिल रहे हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आकड़े के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटे के अंदर कोविड-19 के 39,361 नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, इस बीमारी के कारण देशभर में 416 लोगों की जान चली गई। इससे देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 4,20,967 हो गई। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से स्वस्थ होने वालो की संख्या 35,968 रही। इससे देशभर में कोरोना से स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 3,05,79,106 पर पहुंच चुकी है। इसके अलावा कोविड-19 के एक्टिव मामलों की संख्या 4,11,189 दर्ज की गई है। देश में कुल कोरोना संक्रमितों के मुकाबले सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 1.31 फीसदी पर है। हालांकि राहत की बात यह है कि डेली और वीकली पॉजिटिविटी रेट लगातार 3 फीसदी के आसपास बना हुआ है। वहीं अगर देशभर में हुए टीकाकरण की बात करें तो अब तक कुल 43,51,96,001 लोगों को कोरोना टीकों की खुराकें मिल चुकी हैं।




