भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई में नए सिरे से सफाई व्यवस्था शुरू कर दी गई है। बुधवार को शहर में मास क्लिनिंग शुरू हुई। नगर निगम के महापौर नीरज पाल ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा निर्देश जारी दिए हैं। इसी कड़ी में नगर निगम भिलाई के एमआईसी सदस्य व स्वच्छता प्रभारी लक्ष्मीपति राजू ने बुधवार को खुद ही सफाई कार्यों का निरीक्षण किया और मास क्लीनिंग का जायजा भी लिया। साथ ही उन्होंने लोगों से मिलकर नई व्यवस्था के बारे में भी बताया। आने वाले दिनों में भिलाई निगम क्षेत्र में हाईटेक सफाई व्यवस्था की रूप रेखा बनाई गई है।


बता दें शहर में सफाई के लिए नगर निगम भिलाई ने नई एजेंसी तय की है। स्वच्छता प्रभारी लक्ष्मीपति राजू ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत शहर की सफाई के लिए अब तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। नई तकनीक के प्रापर इस्तेमाल के लिए सभी वार्डों में कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी जहां से पूरी सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग होगी। कंट्रोल रूम से सफाई के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी किए जांएगे। यही नहीं सफाई में लगे सभी गाडियों में जीपीएस नेविगेशन सिस्टम लगाया जाएगा। इससे सफाई कर्मियों की सही तरीके से मॉनिटरिंग की जाएगी।
QR code से लेंगे काम का जायजा
स्वच्छता प्रभारी लक्ष्मीपति राजू ने बताया कि अब सफाई के काम का जायजा लेने के लिए QR code का इस्तेमाल किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में संभवत: यह पहला प्रयास होगा जिसमें इस तरह की व्यवस्था की जा रही है। स्वच्छता प्रभारी लक्ष्मीपति राजू ने बताया कि भिलाई निगम में नई एजेंसी सफाई का काम शुरू कर रही है इस बार पूरा काम हाईटेक तरीके से होगा। भिलाई निगम के हर वार्ड में सफाई का स्टैंडर्ड बढ़ाने के लिए सफाई में लगे कर्मचारियों को लगातार प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।




