भिलाई। इस्पात नगरी में रविवार को क्रिसमस की धूम रही। प्रभु यीशू के आगमन का दिन शहर के गिरिजाघरों में क्रिसमस धूमधाम से मनाया गया। हाथों में कैडल लेकर प्रभु यीशु से अपनी विश मांगकर सभी ने क्रिसमस के दिन अपनों के लिए दुआएं मांगी। रविवार की सुबह ट्विनसिटी के चर्च में लोगों की भीड़ लगी रही।शहर भर के चर्च में रविवार सुबह कैरोल गीतों के माध्यम से अमन के राजकुमार के आने का संदेश दिया। सुबह सभी चर्च में विशेष प्रार्थना सभा हुई ।

इस मौके पर भिलाई के क्रिश्चियन कम्युनिटी चर्च, कैथोलिक चर्च, दुर्ग के मेनोनाइट चर्च सहित तमाम चर्चों में फादर ने स्पेशल प्रेयर की। भिलाई के सेक्टर 6 के सीसी चर्च में फादर अर्पण तरूण ने बाइबिल के संदेशों के माध्यम से प्रभु यीशु के आगमन का उद्देश्य बताया। उन्होंने कहा कि विधि के विधान को कोई नहीं बदल सकता,लेकिन प्रभु में वो ताकत है, क्योंकि वे स्वयं विधि के विधाता है।
फादर अर्पण तरूण ने कहा कि हमारा उद्धार प्रभु के अलावा और कोई नहीं कर सकता। उन्होंने इस मौके पर देश-प्रदेश और शहर में भाईचारे और शांति के साथ-साथ कोविड से सभी को सुरक्षित रखने के लिए भी प्रेयर की। प्रेयर के बाद चर्च में कैरोल सिगिंग की प्रस्तुति दी गई जिसमें मसीही गीतों के जरिए प्रभु के संदेश को बताया गया। इस दौरान सांताक्लाज ने भी बच्चों को गिफ्ट दिया। चर्च में प्रेयर के बाद सभी ने एकदूसरे को गले लगाकर क्रिसमस की बधाई दी। इस मौके पर सेक्टर 6 में मानव एकता समिति के सदस्यों जिसमें गायत्री परिवार, सिख समाज, मुस्लिम समाज के लोगों ने चर्च में जाकर क्रिसमस की बधाई दी।
एक दिन पहले शुरू हुआ सेलीब्रेशन
क्रिसमस के एक दिन पहले ही घरों, चर्च में गौशाला सज चुकी थी वहीं विशेष रोशनी भी की गई। विशेष झांकियां भी चर्च में आकर्षण का केन्द्र रही। चर्च पहुंच सभी ने कैंडल जलाकर अपनी विश भी मांगी। घरों में क्रिसमस पार्टी का भी आयोजन किया गया। जिसमें मसीही परिवार में उनके रिश्तेदारों, दोस्तों और पड़ोसी शामिल हुए। डांस- म्यूजिक मस्ती के बीच सभी ने क्रिसमस पार्टी का मजा लिया।




