बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हैरान करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां के रतनपुर थाने में पहुंची एक महिला ने पुलिस के सामने अपने मुर्गे की हत्या के प्रयास की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस भी परेशान है कि आखिर मुर्गे की हत्या के प्रयास का क्या मामला बनाएं। बहरहाल पुलिस ने महिला को समझाइश देकर भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह पूरा मामला बिलासपुर जिले के ग्राम सिल्दहा का है। यहां रहने वाली जानकीबाई बिंझवार अपने पति मालिक राम के साथ सोमवार को मुर्गे के साथ थाने पहुंच गई। महिला ने पुलिस को अपना मुर्गा दिखाते हुए पड़ोसी बुगल और दुर्गा पर उसके मुर्गे मारकर खाने के की फिराक में थे। इसके लिए दोनों ने उनका मुर्गा चुराया और उसे मारने का प्रयास कर रहे थे तभी महिला ने देख लिया और अपने मुर्गे को छुड़ाया। अब महिला चाहती है कि उसके पड़ोसियों पर कार्रवाई हो।
महिला ने थाने में बताया कि वह अपने घर पर ही देशी मुर्गा पालन करती है। मुर्गे इधर-उधर घूमते रहते हैं। इससे पहले भी पड़ोसी ने मुर्गा चुराकर मारने का प्रयास किया था। इसे लेकर पड़ोसियों के साथ विवाद भी हुआ था। इस पूरे मामले में रतनपुर थाना प्रभारी प्रसाद सिन्हा का कहना है कि महिला घायल मुर्गे को लेकर थाने में शिकायत करने पहुंची थी। महिला की शिकायत की जांच की जा रही है।



