मुंबई । भारत दौरे पर आये इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइक गैटिंग ने आईसीसी के उस प्रस्ताव का विरोध किया है जिसमें टेस्ट क्रिकेट को पांच की जगह चार दिन करने की बात कही है। गैटिंग से पहले भी भारत सहित कई देशों के दिग्गज क्रिकेटरों ने मंगलवार को चार दिवसीय टेस्ट मैच करने के विचार का विरोध किया था। गैटिंग ने कहा कि पांच दिवसीय टेस्ट में परिणाम आने की संभावना ज्यादा रहती है। गैंटिंग ने कहा, ‘‘ टेस्ट क्रिकेट अपने आप में सबसे अलग है। हम हमेशा ऐसा कहते रहते हैं। वहीं यह दुखद है कि इस खेल से जुड़े प्रशासकों ने इसे कभी खेला नहीं है। इसलिए उन्हें लगता है कि मैच की योजना बनाने में समस्या आती है। उन्हें समझ में नहीं आता है कि खेल का यह अनोखा प्रारूप क्या है।’’ गैटिंग यहां ‘तेंदुलकर मिडिलसेक्स ग्लोबल एकेडमी डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स सेंटर’ के उद्घाटन के मौके पर बोल रहे थे। इस पूर्व क्रिकेटन ने माना कि टेस्ट क्रिकेट की संख्या में कमी आ रही है पर फिर भी वह प्रारुप में बदलाव का समर्थन नहीं करेंगे।



