नई दिल्ली (एजेंसी)। कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले दो महीने से भी ज्यादा समय से किसानों का प्रदर्शन जारी है। गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड के बाद अब किसान आंदोलन को और धार देने के लिए किसान संगठन शनिवार को तीन घंटे के लिए देशव्यापी चक्का जाम करेंगे। कांग्रेस सहित लगभग सभी विपक्षी पार्टियों ने इसे अपना समर्थन दिया है। इसके मद्देनजर दिल्ली में 50 हजार सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। वहीं ड्रोन से सीमाओं पर नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर पुलिस की एक टीम नजर बनाए हुए है ताकि अफवाहों को फैलने से रोका जा सके। सुरक्षाबलों की एक टुकड़ी को रिजर्व में रखा गया है। दिल्ली मेट्रो ने एहतियातन 10 स्टेशनों पर आवाजाही को बंद कर दिया है। किसानों का कहना है कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं होगा। किसान शांतिपूर्ण तरीके से देश के अन्य हिस्सों में तीन घंटे के लिए राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों को बाधित करेंगे।
देशभर में आज जारी किसानों के चक्का जाम के मद्देजनर दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 26 जनवरी की हिंसा से सबक लेते हुए आज दिल्ली में 50 हजार से ज्यादा पुलिस और अद्र्धसैनिक बलों के जवानों को लालकिले से लेकर दिल्ली की सीमाओं पर तैनात किया गया है।
इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो ने सुरक्षा कारणों के चलते ऐहतियातन अब तक अपने 10 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकासी बंद कर दी है। हालांकि, इन स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। दिल्ली मेट्रो के जिन स्टेशनों पर प्रवेश और निकासी बंद की गई है उनमें- मंडी हाउस, आईटीओ, दिल्ली गेट, विश्वविद्यालय, लाल किला, जामा मस्जिद, जनपथ, केंद्रीय सचिवालय, खान मार्केट और नेहरू प्लेट शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, किसान संगठनों ने आज देशभर में चक्का जाम का आह्वान किया है। किसान संगठन देशभर में आज दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चक्का जाम करेंगे। इसको देखते हुए दिल्ली में लाल किला, आईटीओ समेत सभी बॉर्डरों पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। इसके साथ चप्पे-चप्पे पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है। हालांकि, किसानों ने दिल्ली चक्का जाम से बाहर रखा है, लेकिन पुलिस सुरक्षा में कोई चूक नहीं करना चाहती है।
दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड में नहीं होगा ‘चक्का जाम
प्रदर्शनकारी किसानों ने शुक्रवार को ये ऐलान किया था कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में शनिवार को चक्का जाम नहीं होगा। किसान देश के अन्य हिस्सों में शांतिपूर्ण तरीके से तीन घंटे के लिए राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर चक्का जाम करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने कहा कि ‘चक्का जाम के दौरान एंबुलेंस और स्कूल बस जैसी आवश्यक सेवाओं को नहीं रोका जाएगा। ‘चक्का जाम शनिवार को दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक किए जाने का प्रस्ताव है।




