कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भारी बारिश के कारण जंगल में तैनात जवान पर भारी पेड़ गिर गया। हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। जवान को पहले नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उसे रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि जवान यहां पेड़ के मचान पर चढ़कर ड्यूटी कर रहा था इस दौरान यह हादसा हो गया। घटना कांकेर ताड़ोकी थाना क्षेत्र कोसरोंडा कैंप की है।

मिली जानकारी के अनुसार कोसरोंडा कैंप में पदस्थ एसएसबी 33 बटालियन के आरक्षक संतोष कुमार मोर्चे पर तैनात थे और मचान पर चढ़कर ड्यूटी कर रहे थे। अचानक इसी दौरान एक विशालकाय पेड़ उसके ऊपर गिर गया। जिससे वह घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है जिसके कारण जमीन धंसने लगी। पेड़ का निचला भाग भी बारिश के कारण काफी धंस चुका था और इसी वजह से वह गिर पड़ा। मचान पर चढ़े होने के कारण जवान को बचने का भी मौका नहीं मिला। फिलहान जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।




