कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में इन दिनों हाथियों का उत्पात ग्रामीणों में दहशत का कारण बना हुआ है। जिले के कटघोरा वन मंडल क्षेत्र के आसपास के गांवों में हाथियों का दल उत्पात मचा रहा है। यहां हाथी फसलों के साथ ही घरों को निशाना बना रहे हैं। इसी कड़ी में बीती रविवार की आधी रात हाथियों ने एक घर में घुसकर महिला को मौत के घाट उतार दिया।
मिली जानकारी अनुसार रविवार की रात लगभग 12:00 बजे हाथियों का दल कटघोरा वन मंडल के एकम नगर रेंज में पहुंच गया। गुरसिया सर्किल में घूमने के साथ ही मोहल्ले में जमकर उत्पात मचाया इसी दौरान हाथियों का दल एक घर में सो रही वृद्ध महिला को उठाकर पटक दिया जिससे वृद्ध महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक महिला धनबाई की उम्र लगभग 80 वर्ष बताई जा रही है घर के अन्य सदस्यों ने घर से बाहर निकल कर अपनी जान बचाई।
घटना की जानकारी वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को दी गई जहां मौके पर तत्काल वन कर्मी मौके पर पहुंचे। हाथियों के दल को रेस्क्यू कर जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया। आपको बता दें 40 से 45 हाथियों का दल अलग-अलग इलाके में विचरण कर रहा है इसकी मॉनिटरिंग वन विभाग लगातार कर रहा है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से रोक दिया गया है।




