बलौदाबाजार। जिले के भाटापारा नगर पालिका क्षेत्र में बनी नई सब्जी मंडी में सोमवार को भीषण आग लग गई। सुबह करीब 9:30 बजे के आसपास आग लगी और देखते ही देखते फैलने लगी। आग इतनी तेजी से फैला कि कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है हादसे में लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार भाटापारा नगर पालिका द्वारा बनाई गई नई सब्जी मंडी में सोमवार की सुबह आग लग गई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैला कि देखते ही देखते कालें धुएं का गुबार दिखने लगा। आग की चपेट में 2 से 3 कार्यालयों का सामान, एयर कंडीशनर (एसी), शेड और शेड के नीचे रखे सैकड़ों सब्जी के कैरेट आ गए। यह सबकुछ जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को रवाना किया गया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया गया। आग की सूचना के बाद नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। आग की लपटों और काले धुएं से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। आग से कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन लाखों का सामान खाक हो गया। फिलहाल आग लगने के सही कारण का पता लगाया जा रहा है। वहीं नुकसान का भी आंकलन किया जा रहा है।




