जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चरित्र शंका में पति ने अपनी पत्नी की टांगी मारकर हत्या कर दी। घटना 23 फरवरी की रात की है। हत्या के बाद आरोपी पति फरार हो गया था। सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दूसरे दिन आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना फरसाबहार क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय शख्स अपनी 27 वर्षीय पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। उसे लगता था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य के साथ अवैध संबंध है। इसे लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था। 23 फरवरी की रात को भी इनके बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ा तो पति ने घर पर रखे टांगी से पत्नी पर वार कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस धारा 302 के तहत अपराध दर्ज किया और शव को पीएम के लिए भेजा। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए फरसाबहार पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में फरसाबहार थाना प्रभारी ओपी कुजूर, आरक्षक नीरज तिर्की, सुखषरण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




