जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की एक महिला के साथ शरीर का दर्द भगाने का झांसा देकर ढोंगी बाबा ने दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद महिला के नाम पर फर्जी इंस्टा आईडी बनाकर उसमें अश्लील तस्वीरें भी वायरल की। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ढोंगी बाबा की तलाश शुरू की। आरोपी हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान स्वामी निर्मल उर्फ निर्मल बाबा (60), मूल निवासी नाशिक (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी पामगढ़ क्षेत्र में पदयात्रा करते हुए आया था और खुद को चमत्कारी बाबा बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा कर रहा था। इसी दौरान पीड़िता अपनी सहेली के साथ उससे मिलने पहुंची, जहां आरोपी ने उसका हाथ देखकर इलाज का झांसा दिया और मोबाइल नंबर ले लिया। बाद में आरोपी ने पीड़िता को 26 मार्च को बाजार में बुलाया और प्रसाद देकर अपने प्रभाव में ले लिया।
इसके बाद वह उसे अपने साथ बिलासपुर और फिर ट्रेन से मध्य प्रदेश के मैहर ले गया, जहां एक होटल में ठहराया। पीड़िता के अनुसार, वहां आरोपी ने शरीर दर्द के इलाज के नाम पर उसके साथ बार-बार जबरदस्ती अनाचार किया। 1 अप्रैल को आरोपी उसे बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को लगातार फोन कर परेशान किया। जब पीड़िता ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो आरोपी ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो पोस्ट कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन में टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी का लोकेशन ट्रेस कर हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दबिश दी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है।




