खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में शुक्रवार को सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पति-पत्नी की लाशें घर पर कमरे में खून से लथपथ मिली है। जिले के गंडई क्षेत्र की यह घटना है। फिलहाल पुलिस ने घर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में ले लिया और आगे की जांच शुरू कर पड़ोसी को इस मामले में हिरासत में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले गंडई थाना क्षेत्र में अररिया गांव निवासी बाबूलाल शोरी (55) और उनकी पत्नी सुनती बाई शोरी (51) की हत्या कर दी गई। धारदार हथियार से दोनों की हत्या की गई। घटना शुक्रवार की सुबह 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। सुबह पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी राजेश देवदास ने बताया कि दोनों की हत्या धारदार हथियार से की गई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पड़ोसी भगवती गोंड (35) को हिरासत में ले लिया है। आरोपी मृतक दंपती के घर के सामने ही रहता था।




