जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या केवल इसलिए कर दी क्योंकि उसने उसकी शराब पी ली थी। दरअसल होली के दिन शख्स ने घर पर शराब लाकर रखी थी। पति की गैरहाजिरी में पत्नी ने शराब गटक लिया। पति वापस लौटा और शराब नहीं मिली तो गुस्से में उसने पत्नी से जमकर मारपीट की और टांगी के बेंत से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद वह अपनी पत्नी को अस्पताल लेकर गया जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के शांतिनगर ग्राम की है। पुलिस के अनुसार ललिता एक्का ने पति की मौत के बाद बबलू राम नाम के शख्स से दूसरी शादी की थी। वह बबलू राम के साथ शांतिनगर में ही रहती थी। बबलू राम अक्सर शराब के नशे में आकर मारपीट करता था। घटना के होली के दिन की है। दोनों के बीच काफी मारपीट हुई थी। इसके बाद खुद बबलू राम अपनी पत्नी को अस्पताल भी लेकर गया लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी बबलू राम ने जो सच्चाई पुलिस को बताई वह हैरान करने वाली थी। दरअसल बबलू राम अपने घर में शराब पीने के लिये रखा था। शराब को उसकी पत्नी ने पी लिया। इस बात को लेकर बबलू रात इतना नाराज हुआ कि टांगी के बेंत से अपनी पत्नी की बेदम पिटाई कर दी। पिटाई से ललिता एक्का गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद खुद बबलू राम ही उसे अस्पताल लेकर गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस मामले में जशपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया है।




