रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में स्थति माता कौशल्या मंदिर में सुविधाओं का विस्तार होगा। इस संबंध में सोमवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया है। उन्होंने इसे लेकर अपने ऑफिशियल ट्विटर पर भी ट्वीट किया है। सीएम ने ट्वीट कर कहा है कि नववर्ष के शुभ अवसर पर माता कौशल्या मंदिर, चंदखुरी में बड़ी संख्या में भक्तों एवं पर्यटकों का आना सुखद एवं उत्साहवर्धक संकेत है। भक्तों के दर्शन को सुगम बनाने एवं माता के धाम का अतिरिक्त सौंदर्यीकरण करने संबंधी निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। माता कौशल्या की जय! भांचा राम की जय!

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्य सचिव को दिए अपने निर्देश में कहा है कि चंदखुरी में भक्तों की सुविधाएं और सौंदर्यीकरण का विस्तार किया जाएगा। सड़क चौड़ीकरण, स्ट्रीट लाईट, वाहन पार्किंग की व्यवस्था का निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा पेयजल के लिए मंदिर के बाहर और अंदर वाटर फिल्टर लगाने का भी निर्देश दिया गया है। साथ ही मंदिर के बाउंड्रीवाल को बनाने और इस बाउंड्री वाल में रामकथा को आकर्षक तरीके से उकेरा जायेगा। तालाब में समुद्र मंथन और भगवान विष्णु की मूर्ति के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए गए। मंदिर के प्रवेश द्वार पर भव्य उद्यान विकसित करने का भी निर्देश दिया गया है।




