सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने 40 फीट ऊंची टंकी पर चढ़कर अपने शर्ट का फंदा बनाया और फांसी पर झूल गया। सोमवार सुबह टंकी पर लटकी लाश देखकर गांव में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को किसी तरह से टंकी से उतरवाया और पीएम के लिए भेज दिया गया है। युवक की आत्महत्या का कारण अज्ञात बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के जमगहन निवासी गनेंद्र साहू (29) रविवार को अपने एक रिश्तेदार के घर पर छठी कार्यक्रम में गया था। कार्यक्रम के बाद वह अपने रिश्तेदारों के साथ पिकअप में सवार होकर वापस घर लौट रहा था। रास्ते में वह पिकअप से उतर गया। रिश्तेदारों को बताया कि कुछ काम याद आ गया है तो वह अपनी दीदी के घर पर जा रहा है। इसके बाद सोमवार सुबह लोगों ने टंकी पर उसकी लटकती हुई लाश देखी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि युवक ने आखिर खुदकुशी क्यों की थी।




