मनेंद्रगढ़। मछली मारने नदी गए ग्रामीण पर बाघ ने हमला कर दिया। बाघ के हमले से ग्रामीण की मौत हो गई है। ग्रामीण पर बाघ के हमले की खबर लगते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना वन विभाग को दी गई है। फिलहाल वन विभाग अफसर कर्मी बाघ की मुवमेंट तलाश रहे हैं। साथ ही आसपास के गांव में लोगों को अलर्ट रहने कहा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मनेन्द्रगढ़ वन मंडल के अंतर्गत जनकपुर मार्ग पर कछौड़ गांव स्थित गूंडरु नदी में शुक्रवार शाम को युवक मछली मारने के लिए गया था। युवक के साथ एक और ग्रामीण भी गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बाघ ने हमला कर दिया। बाघ के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई वहीं दूसरा बचकर भागकर गांव पहुंचा और गांववालों को जानकारी दी। रात होने के कारण ग्रामीण नदी की ओर नहीं गए।
शनिवार की सुबह ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और देखा कि बाघ अभी भी वहीं पर है। ग्रामीणों ने शोर मचाकर बाघ को भगाया। इसके बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। बाघ के हमले से युवक की शव क्षत विक्षत हो गया था। वन विभाग की टीम ने बाघ की तलाश के लिए सर्चिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है और ग्रामीणों को नदी व जंगल के आसपास न आने की हिदायत भी दी गई है। घटना स्थल पर बाघ के पंजों के निशान भी मिले हैं। वन विभाग ने गांववालों को शाम पांच बजे के बाद घर से बाहर न निकलने की हिदायत भी दी है।




