जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार शाम को बड़ा हादसा हो गया है। यहां के बाराद्वार थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण में लगी मिक्चर मशीन 11 केवी तार की चपेट में आ गया। इसे ले जा रहे 5 मजदूर करंट लगने से झुलस गए। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई और दो की हालत गंभीर है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं झुलसे दो मजदूरों का इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार जिले के ग्राम खम्हरिया में पंचायत द्वारा सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा था। रविवार को काम खत्म करने के बाद मजदूर मिक्सर लिफ्ट मशीन को धकेलते हुए ले जा रहे थे। इसबीच मिक्सर मशीन का ऊपरी हिस्सा 11 केवी तार की चपेट में आ गया। इससे मिक्चर मशीन को धक्का लगा रहे राजकुमार सेवक, प्रेमलाल महिलांगे, अजय सिंह सिदार, नागेन्द्र सिंह व परउ राम झुलस गए। सभी को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इस बीच राजकुमार सेवक (28), प्रेमलाल महिलांगे (20) व अजय सिंह सिदार (22) की मौत हो गई हैं।




