बिलासपुर। जिले में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार की टायर फटने से सड़क पर पलट गई और इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। कार में पांच लोग सवार थे जिसमें से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार सवार सभी लोग पिकनिक मनाने जा रहे थे। घटना जिले के सकरी थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार आसमा सिटी और पुलिस लाइन में रहने वाले करीब पांच लोग पिकनिक मनाने कोटा के कोरी डेम गए थे। पिकनिक मनाने के बाद कार में सवार युवक युवतियां रात करीब 11 बजे वापस लौट रहे थे। सकरी थाना क्षेत्र के भरनी रोड पर कार का टायर फट गया। इस दौरान कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी। टायर फटने से कार हिचकोले खाते हुए सड़क पर पलट गई। हादसे मे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद कार की हालत ऐसी थी कि पांच सवार कार में बुरी तरह से फंस गए थे। यहां से गुजरने वाले लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची 112 की टीम व पुलिस पार्टी ने राहगीरों की सहायता से घायलों को बाहर निकाला। इस दौरान एक युवक व युवती कार में बुरी तरह से फंसे हुए थे जिनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान पुलिस लाइन निवासी आरजू जायसवाल (24) व बैकुंठपुर निवासी श्रेया सिंह (16) के रूप में हुई है।




