बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सीएएफ जवान ने खुद को गोली मार ली। नाइट ड्यूटी के दौरान जवान ने आत्महत्या की नीयत से अपनी ही सर्विस रायफल से गोली मार ली। गोली की आवाज सुनने के बाद साथी जवान पहुंचे और घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया गया। जवान आत्महत्या का प्रयास क्यों किया यह स्पष्ट नहीं हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा निवासी मनोज दिनकर बीजापुर जिले के रामपुरम सीएएफ कैंप में पदस्थ है। बुधवार को उसकी नाइट ड्यूटी लगी हुई थी। रात को ड्यूटी के दौरान उसने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने के बाद कैंप में हड़कंप मच गया। साथी जवान पहुंचे और घायल जवान का कैंप में ही प्राथमिक इलाज किया। इसके बाद उसे भोपालपटनम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर किया है। बताया जा रहा है कि जवान की हालत खतरे से बाहर है।




