रायपुर. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से लगे रामानुजगंज में एक सीएएफ (CAF Soldier) जवान ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। सीएएफ जवान 12वीं बटालियन रामानुजगंज में पदस्थ था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 सितंबर की सुबह जवान आधी ड्यूटी कर अपने घर पहुंचा और किचन में जाकर सल्फास घोल कर पीने लगा। जवान को कीटनाशक पीता देख पत्नी पीछे से दौड़कर पहुंची। उसने कीटनाशक छीनने की कोशिश की तब तक कीटनाशक का कुछ हिस्सा जवान पी चुका था। परिजन उसे इलाज के लिए रामानुजगंज अस्पताल ले गए।

उपचार के दौरान हो गई मौत
चिकित्सकों ने जवान की स्थिति को गंभीर देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक जवान मानेन्द्र तिवारी, पिता राम लखन उम्र 36 वर्ष ग्राम कठेरी थाना रींवा का रहने वाला था। वह सीएएफ में पदस्थ था। उसकी ड्यूटी रामानुजगंज 12वीं बटालियन में थी। पुलिस ने बताया कि मृत जवान रामानुजगंज में पत्नी के साथ रहता था।
पत्नी ने दी रिश्तेदारों को सूचना
घटना की सूचना जवान की पत्नी ने अपने रिश्तेदार को दी। सूचना पर रिश्तेदार पहुंचे और उसे इलाज के लिए रामानुजगंज अस्पताल लेकर आए थे। यहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जवान के आत्महत्या का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। पुलिस फिलहाल इस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।




