जांजगीर-चांपा। सस्ते में यदि कोई सामान मिल रहा हो तो कोई भी क्यों नहीं खरीदना चाहेगा। यदि कोई सामान सस्ते में दे रहा है तो कम से कम उसकी गुणवत्ता और सामान बेचने वाले का सोर्सेस जरूर देखाना चाहिए। ऐसा नहीं करने से कभी कभी भारी नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। जांजगीर चांपा में सस्ते में बाइक खरीदना कुछ लोगों को भारी पड़ गया। इन लोगों ने जो बाइक खरीदी वह चोरी की निकली। पुलिस के हत्थे जब बाइक चोर बदमाश चढ़ा तो उसे खरीदारों के पते भी बता दिए। इस तरह पुलिस ने एक चोर के साथ 6 खरीदारों को गिरफ्तार किया है।


जांजगीर-चांपा पुलिस शहर में हो रही चोरियों को लेकर लगातार बैकफुट पर थी। ऐसे में जिले के पुलिस कप्तान ने विशेष दिशा निर्देश जारी किए थे। इस बीच पुलिस को पता चला कि एक युवक सस्ते दामों में बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। टीम ने घेराबंदी कर विजयेश साहू नाम के युवक को पकड़ा और पूछताछ की तो वह चोर निकला। विजयेश साहू ने पुलिस को जो बताया उससे वह भी हैरान रह गई। विजयेश साहू जांजगीर चांपा के अलावा कोरबा, जशपुर, रायगढ़ व बिलासपुर में भी बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। यहां वहां बाइक चुराने के बाद वह उन्हें सस्ते दामों में बेच देता है।
जुआ खेलने की लत, इसलिए चुराता था बाइक
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे जुआ खेलने की लत है और इसके लिए वह बाइक चुराकर बेच देता था। इसके लिए वह अलग अलग जिलों में जाता और बाइक चुराकर सस्ते दामों में बेच देता था। आरोपी बाइक चोर 2017 से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। आरोपी की निशानदेही पर 12 मोटर साइकिलें जब्त की गई। तीन बाइक उसके घर से और 9 बाइक खरीदारों से पुलिस ने जब्त किया। पुलिस ने चोरी की बाइक खरीदने वाले कोसमंदा चांपा निवासी राजकुमार राठौर, चांपा निवासी जितेन्द्र सिदार, गोदैईया रतनपुर निवासी रूपेश केवट, सीपत निवासी साखी गोपाल निर्मलकर, रतनपुर निवासी सूरज कुमार केंवट व अकलतरा निवासी कबीरदास मानिकपुरी को भी गिरफ्तार किया है।




