भिलाई। सेक्टर 6 सतनाम भवन में शादी कार्यक्रम के दौरान लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। शादी समारोह में बालोद से पहुंची दंपति रिसेप्शन में व्यस्त हो गए और पीछे से उनके बैग में रखे पर्स से सोने चांदी के जेवर चोर ने पार कर दिया। घटना की शिकायत के बाद भिलाई नगर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार आमापारा बालोद निवासी सत्येन्द्र कुमार महिलांग (40) अपनी पत्नी हीरा के साथ शादी समारोह में शामिल होने पहुंचा था। 9 जून को रिसेप्शन हुआ जिसके कारण सभी सतनाम भवन में ही रुके थे। सत्येन्द्र कुमार भी अपनी पत्नी के साथ यहीं रुका हुआ था। उसने अपना पूरा सामान भवन के एक कमरे में रखा था। वहीं उसकी पत्नी हीरा ने हैंड बैग में दो जोड़ी कान की लटकन, दो जोड़ी मंगलसूत्र, एक ब्रेसलेट और एक जोड़ी चांदी की पायल व कुछ नगदी रखा था।
रात को सभी रिसेप्शन में व्यस्त हो गए। रिसेप्शन के बाद आधी रात के बाद वे कमरे में पहुंचे। रात में इन लोगों ने ध्यान नहीं दिया लेकिन सुबह जब देखा तो हैंडबैग में रखे जेवर गायब मिले। अज्ञात चोर ने रात 10.30 बजे से 2 बजे के बीच इस घटना को अंजम दिया। पहले तो सत्येन्द्र कुमार ने आसपास पतासाजी की लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो उसने भिलाई नगर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




