नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों में एक बार फिर उछाल आया है। अब तक के सभी रिकार्ड को पीछे छोड़ते हुए पिछले 24 घंटों में 70 हजार के करीब नए मामले सामने आ गए हैं। इसके साथ ही संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 28 लाख के पार पहुंच गया है। वहीं अच्छी बात यह है कि संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या करीब 21 लाख हो गई है और जांच में तेजी आई है।
गुरुवार सुबह तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 69652 नए कोरोना के मामले पहचान में आए। वहीं 977 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 53,866 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 28,36,926 हो गए हैं, जिनमें से 6,86,395 लोगों का उपचार चल रहा है और 20,96,665 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 19 अगस्त तक कुल 3,26,61,252 नमूनों की जांच की गई। जिनमें से गुरुवार को एक दिन में 9,18,470 नमूनों की जांच की गई। पॉजिटिविटी रेट आठ प्रतिशत से कम है।
महाराष्ट्र में थम नहीं रहा संक्रमण
कोरोना संक्रमण के मामले में महाराष्ट्र अब भी सबसे आगे हैं। राज्य में बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 13 हजार 165 केस आए। 9011 मरीज ठीक हो गए और 346 लोगों ने इस बीमारी से दम तोड़ दिया। यहां 8 अगस्त को 12 हजार 822 केस आए थे। कुल संक्रमितों और नए मरीजों के मामले में पुणे ने मुंबई को पीछे छोड़ दिया है। यहां बुधवार को सबसे ज्यादा 2 हजार 688 केस आए। यहां कुल संक्रमितों की संख्या 1.37 लाख हो गई है। उधर, मुंबई में बीते 24 घंटे में 1132 नए केस आए, जबकि कुल संक्रमितों की संख्या 1 लाख 31 हजार 542 हो गई।




