नई दिल्ली। आईपीएल पर कोरोना का कहर भारी पड़ गया। बायो बबल में बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण इस साल आईपीएल को आधे सीजन के बाद स्थगित कर दिया गया। कई खिलाडिय़ों और स्टाफ के संक्रमित होने के चलते आईपीएल 2021 को सस्पेंड करने का फैसला लिया गया है। बीसीसीआई के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने इसकी जानकारी दी। दो दिन में खिलाड़ी वरुण चक्रवर्ती, संदीप वॉरियर, रिद्धिमान साहा, अमित मिश्रा और बॉलिंग कोच बालाजी समेत 8 खिलाड़ी और 2 कोचिंग स्टाफ मेंबर पॉजिटिव आने के बाद ये फैसला लिया गया है।
बता दें कि पिछले तीन दिनों में 11 खिलाड़ी और स्टाफ पॉजिटिव आ चुके हैं। इनमें केकेआर के वरुण चक्रवर्ती, संदीप वॉरियर व नीतीश राणा, आरसीबी से देवदत्त पडिक्कल, दिल्ली से अक्षर पटेल, एनरिच नोर्खिया, डेनियल सैम्स व अमित मिश्रा, सनराइजर्स हैदराबाद से रिद्धिमान साहा, सीएसके से लक्ष्मीपति बालाजी (कोच) तथा मुंबई इंडियन से किरण मोरे (कोच) शामिल हैं।
बीसीसीआई को बड़ा नुकसान
कोरोना के प्रकोप को देखते हुए फिलहाल तो आईपीएल को टाल दिया गया है। अगर इसे पूरी तरह रद्द कर दिया जाता है तो बोर्ड को करीब 2000 करोड़ का नुकसान होगा। यही नहीं कोरोना के कारण इस साल भारत की मेजबानी में होने वाले टी-20 वल्र्ड कप पर भी खतरा मंडरा रहा है। यदि ऐसा ही माहौल रहा तो भारत से मेजबानी छीनी जा सकती है। इससे भी बीसीसीआई को करोड़ों का नुकसान होगा। इससे निपटने के लिए बीसीसीआई दूसरे विकल्पों पर विचार कर रहा है।
ब्रेकिंग न्यूज: आईपीएल पर भारी कोरोना: इस सीजन के लिए किया गया स्थगित… कई खिलाडिय़ों और स्टाफ को कोरोना होने के बाद फैसला




