रायपुर। राजधानी के कलिंगा यूनिवर्सिटी में मंगलवार के सीनियर व जूनियर छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षें में झड़प के साथ तोड़फोड़ भी हुई है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार मंदिर हसौद थाना क्षेत्र स्थित कलिंगा यूनिवर्सिटी में सीनियर व जूनियर छात्रों के बीच झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई इस दौरान लात घूंसे भी चले। घटना की जानकारी सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने हॉस्टल खाली करवा दिया है। घटना में 15 से ज्यादा छात्रों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। वहीं हॉस्टल के छात्रों को प्रबंधन ने घर जाने का निर्देश दिया है। हालांकि यह पता नहीं चल पा रहा है कि आखिर विवाद किस बात पर हुआ। फिलहाल यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से इस मामले में अधिकारिक बयान नहीं आया है।




