
भिलाई। कोरोना संक्रमण व लॉकडाउन के बीच जिला प्रशासन के आदेशानुसार आज सुबह 6 बजे से शहर के तमाम बजारों व गली मोहल्लों में चार घंटों के लिए किराना दुकानों को खोला गया। यहां किराना दुकाने खुलने की देर थी और लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। शहर के सबसे बड़े अनाज बाजार लिंक रोड सहित सुपेला, रिसाली, खुर्सीपार सहित सभी बाजारों व गली मोहल्लों की किराना दुकानों में सामान लेने लोग टूट पड़े। इस दौरान कोविड-19 को लेकर जो नियम कायदे तय किए गए उसकी जमकर धज्जियां उड़ाई गई।

बता दें कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिले में लॉकडाउन है। बकरीद व रक्षाबंधन को देखते हुए जिला प्रशासन ने 29 व 30 जुलाई को चार घंटों के लिए किराना दुकानों को खोलने की अनुमति मिली। इस संबंध में कलेक्टर सर्वेश्वर भूरे ने आदेश जारी कर नियमानुसार दुकानों को खोलने की अनुमति दी। इधर किराना दुकानें खुली और लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लगभग एक सप्ताह बाद खुली किराना दुकानों में ऐसी भीड़ जो कभी नहीं देखी गई। बकरीद व रक्षाबंधन के कारण भीड़ आम दिनों की अपेक्षा कई गुना ज्यादा रही।
न सोशल डिस्टेंसिंग और न नियम कायदे
किराना दुकानों के खुलने का असर यह हुआ रहा कि न तो किसी ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया और न किसी ने नियम कायदे माने। सभी को सामान लेने की जल्दी थी। इसकी वजह से कहीं भी नियमों का पालन नहीं हुआ। हालांकि बाजारों में पुलिस बल तैनात रहा लेकिन भीड़ को देखकर वे भी लाचार दिखे। जिला प्रशासन ने किराना दुकानों को खोलने का आदेश तो दे दिया लेकिन इसके बाद बनने वाले हालात पर गौर नहीं किया।




