मुंबई (एजेंसी)। फैंटसी स्पोट्र्स लीग प्लेटफॉर्म ड्रीम11 इंडियन प्रीमियर लीग का नया स्पॉन्सर होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल 2020 के टाइटल स्पॉन्सरशिप के अधिकार फैंटसी स्पोट्र्स लीग प्लेटफॉर्म ड्रीम11 को दिए हैं। ड्रीम 11 पहले से ही बीसीसीआई का पार्टनर है। इस दौड़ मे उसने फेवरिट मानी जा रही टाटा संस को पछाड़ दिया है। चीनी कंपनी VIVO के हटने के बाद BCCI ने 222 करोड़ रुपए में IPL के 13वें सीजन के अधिकार इस कंपनी को बेचे गए है।
चीनी मोबाइल फोन निर्माता वीवो के हटने के बाद बीसीसीआई को नए टाइटल स्पॉन्सर की तलाश थी। इसमें कई बड़ी कंपनियां दौड़ में थीं। वीवो ने 2018 में 5 साल के लिए डील साइन की थी। हर साल वह बोर्ड को 440 करोड़ रुपए का भुगतान कर रही थी। लेकिन इस बार देश में चीन के खिलाफ बने माहौल के चलते चीनी मोबाइल निर्माता कंपनी ने हटने का फैसला किया। इस दौड़ में बायजूज, रिलायंस जियो, टाटा संस और अनअकैडमी जैसी कंपनियां शामिल थी। लेकिन ड्रीम 11 ने सभी को पछाड़ते हुए टाइटल स्पॉन्सरशिप हासिल की।




