भिलाई। दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिन दहाड़े महिला चेन स्नेचिंग की शिकार हो गई। महिला सब्जी लेकर लौट रही थी इस दौरान रास्ते में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने महिला के गले में झपट्टा मारा और पलक झपकते ही फरार हो गए। इस घटना का सीसी टीवी फुटेज भी सामने आया है। मामले में महिला की शिकायत पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ बीएनएस की धारा 3(5), 304(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
मिली जानकारी के अनुसार ढीमर पारा वार्ड नं 33 दुर्ग निवासी भारती जाधव शुक्रवार की सुबह करीबन 8.45 बजे शनिचरी बाजार सब्जी लेने गई। वह सब्जियां खरीदकर वापस अपने घर लौट रही थी। इस दौरान करीबन 9.28 बजे कांग्रेस भवन के सामने अचानक दो अज्ञात एक मोटर सायकल मे मुंह पर स्कार्फ बांधे हुए गंजपारा तरफ से आए। इससे पहले की महिला कुछ समझ पाती मोटर सायकल को वापस मोडकर गले से मंगलसूत्र खींच कर भाग गए। मंगलसूत्र में पीछे की ओर चैन लगा हूआ है व बीच बीच मे काले मोती लगा हुए हैं। मंगलसूत्र का वजन लगभग 25 ग्राम है।
देखें Video
महिला ने बताया कि पीछे बैठा अज्ञात व्यक्ति जो पतला दुबला था जिसने मंगलसूत्र को झपट्टा मारकर खींच ले गया। दूसरा अज्ञात व्यक्ति मोटा था जो मोटर सायकल चला रहा था। घटना के बाद महिला ने जोर से आवाज लगाई लेकिन तब तक दोनों भाग चुके थे। महिला ने बताया कि चेन स्नेचर सामने आएंगे तो हुलिए के आधार पर पहचान लेंगी। वहीं इस पूरी घटना का सीसी टीवी फुटेज भी सामने आया है। सीसी टीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि महिला के गले से किस तरह अज्ञात बाइक सवारों ने चेन खींची।




