भिलाई। हार्डवेयर लाइन सुपेला स्थित एक प्लास्टिक व क्राकरी की दुकान पर आज खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। दुकान संचालक द्वारा कार्रवाई का विरोध किया गया तब विभागीय टीम ने सुपेला पुलिस की मदद ली। संचालक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के मुताबिक हार्डवेयर लाइन सुपेला स्थित खंडेलवाल प्लास्टिक एंड क्राकरी में नामी कंपनी के 100 एमएल का हैंड सैनिटाइजर प्रिंट रेट से दोगुने दर पर बेचा जा रहा था। इसकी शिकायत मिलने पर आज औषधि निरीक्षक ब्रजराज सिंह व उनकी टीम ने कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान सैनिटाइजर व उसके पर्चेस रिकार्ड को जप्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त गुणवत्ता में संदेह के आधार पर एक अन्य हैंड सैनिटाइजर के नमूने का संकलन किया गया।





