मुंगेली. मुंगेली जिले के राजीव गांधी जलाशय में बड़ा हादसा हो गया। यहां डेम में गश्त करते हुए दो चौकीदारों की नाव पलट गई। इस हादसे में एक चौकीदार की पानी में डूबने से मौत हो गई। वहीं दूसरे चौकीदार ने तैरकर जान बचाई। घटना मंगलवार देर रात की है। मामला खुडिय़ा चौकी क्षेत्र का है।
ठेकेदार ने नियुक्त किए हैं चौंकीदार
मिली जानकारी के अनुसार राजीव गांधी जलाशय खुडिय़ा बांध में मछली पालन का टेंडर दिया गया है, जिसकी देखरेख के लिए ठेकेदार ने करीब 25 चौकीदार नियुक्त किए हैं। इन चौकीदारों को दो शिफ्ट में मछली चोरी ना हो, ये देखने के लिए तैनात किया गया है। सुबह और रात की दो शिफ्ट में चौकीदार गश्त करने निकलते हैं। मंगलवार रात 8 बजे दो चौकीदार भरत विश्वकर्मा और रोहित यादव (32 वर्ष) वेस्ट वियर के पास रात्रि गश्त कर रहे थे।

मछली जाल में फंस गया युवक
गश्त के दौरान रात में अचानक पानी की लहर तेज होने के कारण रात साढ़े 10 बजे के आसपास उनकी नाव पलट गई। नाव पलटने के बाद भरत विश्वकर्मा तैरकर बांध से बाहर निकल गया, लेकिन रोहित यादव बाहर निकलते समय मछली के जाल में फंस गया। इस वजह से वो आगे नहीं तैर सका और उसकी डूबकर मौत हो गई।
बुधवार पानी से बाहर निकाला शव
हादसे की सूचना के बाद बुधवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घटना की सूचना खुडिय़ा चौकी प्रभारी को भी दी गई, जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। नौका विहार के सदस्य और चौकीदारों की सहायता से रोहित यादव का शव बांध से बाहर निकाला गया। खुडिय़ा चौकी प्रभारी विजय राजपूत ने बताया कि शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक रोहित यादव खुडिय़ा गांव का ही रहने वाला था।




