मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अमिताब बच्चन के बंगले के साथ तीन जगहों पर बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। मुंबई की मेयर रितु तावड़े और BMC कमिश्नर अश्विनी भिड़े के पास धमकी भरा ई-मेल आया। मेल में मेयर के कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी भरे ईमेल में सायन स्थित महालक्ष्मी जलसा बंगले और आचार्य मेट्रो स्टेशन पर बम रखे होने की बात कही गई है।
मुंबई में धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने मुंबई की मेयर रितु तावड़े और नगर आयुक्त अश्विनी के कार्यालयों की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा बीएमसी कार्यालयों और शहर के मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। जानकारी के मुताबिक, इस साल मुंबई मेयर कार्यालय को पांचवीं बार धमकी मिलने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ईमेल हन्ना मायर के नाम से बनाई गई ईमेल आईडी (हन्नामायर5456 एट द रेट जीमेल डॉट कॉम) से भेजा गया है। हालांकि, ईमेल में इसकी जिम्मेदारी कथित तौर पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ और ‘बब्बर खालसा (परमार-कनाडा)’ जैसे संगठनों के नाम पर ली गई है। ईमेल में इंजीनियर गुरनख सिंह (रुकन शाहवाला), डॉक्टर गुरनिरवैर सिंह (खान रजादा), प्रोफेसर गुरअकाल सिंह पीएचडी (खेम करण) और प्रोफेसर गुरंगार सिंह (जंडियाला गुरु) के नाम और पते भी दर्ज हैं। मेल में कथित तौर पर खालिस्तानी अलगाववादी नारे लिखे गए हैं। इसके साथ ही मुंबई में ग्रेनेड हमले करने की चेतावनी दी गई है। ईमेल भेजने वाले ने बीएमसी के कार्यालयों और शहर के सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की धमकी भी दी है।





