रायपुर। राजधानी रायपुर में करीब एक साल पहले हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। लंबी जांच के बाद पुलिस को आखिरकार इसमें सफलता मिली है। DNA जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में मृतका के डॉक्टर पति को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल मृतका के नाखूनों में आरोपी के टिशू मिले थे जिसकी डीएनए जांच करवाई गई। डीएनए जांच में टिशूज डॉक्टर के निकले और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले को सुलझाने में थाना प्रभारी एलेक्जेंडर कीरो व उनकी टीम ने सराहनीय कार्य किया।

बता दें 25 जून 2022 को थाना गुढ़ियारी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि जनता कालोनी गुढ़ियारी स्थित मकान नंबर जे 709 में एक महिला की मौत हो गई। मृतका देवशाह (29) की हत्या की हत्या कर दी गई थी। गुढ़ियारी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डाक्टर द्वारा मृतका की मृत्यु दम घुटने से होना बताया गया। जिस पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस को पहला शक उसके पति लक्ष्मी सागर पर था। पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा। सुबूत नहीं होने के कारण पुलिस मृतका के पति को गिरफ्तार नहीं कर पा रही थी।
इधर जब मृतका का पोस्टमार्टम किया गया तब उसके नाखून से संदेही के टिशू मिले जिसे डॉक्टरों ने सुरक्षित रख लिया था। इसके बाद टिशू को डीएनए टेस्ट के लिए भेजा गया। लंबे इंतजार के बाद डीएनए रिपोर्ट सामने आई तो पुलिस का शक सही निकला। डीएनए मृतका के पति लक्ष्मी सागर का ही निकला। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में अब तक यह बाद सामने आई है कि घटना वाले दिन आरोपी का अपनी पत्नी से विवाद हुआ और इसके बाद उसने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी डॉक्टर की यह तीसरी शादी है।




