भिलाई। उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई घटना का तीखा विरोध करते हुए मध्य ब्लाक कांग्रेस कमेटी दुर्ग के अध्यक्ष अलताफ अहमद ने कहा है कि इस घटना ने पूरे देश को विचलित कर दिया है। भाजपा नेताओं के किसान विरोधी बयानों के बाद ही ऐसा भयंकर कांड हुआ है। तीन कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कई महीने से चल रहा है।

देशव्यापी प्रदर्शन को कुचलने के लिये भाजपा ने कई बार षड्यंत्र किया है। किसान आंदोलन के दौरान कई किसानों की मौत भी हो चुकी है। अब यूपी के लखीमपुर में भाजपा नेताओं ने एक बार फिर किसानों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की है। इस घटना से केंद्र की भाजपा सरकार और यूपी सरकार का तानाशाह दमनकारी चेहरा देशवासियों के सामने उजागर हुआ है।
अलताफ ने आगे कहा कि किसानों को कुचलने वाली सरकार का मुखर विरोध कांग्रेस पार्टी द्वारा लगातार किया जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित देश भर के कांग्रेस नेता भाजपा सरकार की तानाशाही के विरोध में डटे हैं।
भाजपा की उलटी गिनती अब शुरू हो चुकी है। कांग्रेस ने 75 साल पहले दमनकारी ब्रिटिश हुकूमत को उखाड़ फेंका था। अब यही कांग्रेस पार्टी भाजपा की दमनकारी मोदी सरकार और योगी सरकार को उखाड़ फेंकेगी।




