नई दिल्ली (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के आईएसएफ के साथ गठबंधन को लेकर पार्टी में जारी अंतर्कलह को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि यह कांग्रेस का गठबंधन नहीं बल्कि ठगबंधन है। संबित पात्रा ने आगे कहा कि कांग्रेस सहयोगी पर निर्भर रहती है।
कांग्रेस पार्टी गठबंधन पर ही निर्भर है
कांग्रेस पार्टी में जारी घमासान को देखते हुए संबित पात्रा ने कहा कि आज कांग्रेस अपनी प्रसांगिकता को बनाएं रखने के लिए गठबंधन पर निर्भर है। ठीक ऐसी ही एक गठबंधन की प्रक्रिया राहुल गांधी जी और उनकी कांग्रेस पार्टी बंगाल में कर रहे हैं। संबित पात्रा ने आगे कहा कि कांग्रेस ने जितने भी गठबंधन किए हैं वो किसी अच्छे परफॉर्मेंस, अच्छे रिफॉम्र्स या अच्छी गवर्नेंस के लिए नहीं किए हैं। ये गठबंधन केवल इसलिए किए कि किसी प्रकार गांधी परिवार अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाएं रखें।
संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस अपने को सेक्युलर बताती है, वही कांग्रेस बंगाल में एआईएसएफ के साथ गठबंधन करती है। केरल में मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन करती है, जमात-ए-इस्लामी के फ्रंट ऑर्गनाइजेशन के साथ गठबंधन करती है। असम में बदरुद्दीन अजमल की पार्टी के साथ गठबंधन करती है।
संबित पात्रा ने कहा कि एक बार राहुल गांधी ने कहा था कि हां हम मुसलमानों की पार्टी हैं, इस खबर को एक बड़े समाचार पत्र ने छापा भी था लेकिन ये मुसलमानों की पार्टी भी नहीं है, ये केवल घरवालों की पार्टी है।




