भिलाई। बिलासपुर से नागपुर के बीच चार दिन पहले शुरू हुई वंदेभारत एक्सप्रेस में पथराव हुआ है। बुधवार शाम को नागपुर से बिलासपुर की ओर आ रहे वंदे-भारत एक्सप्रेस पर भिलाई में पथराव किया गया है। पथराव से एक कोच का शीशा टूट गया है। बिलासपुर पहुंचने के बाद इस कोच के कांच को ठीक किया। इधर इस घटना के बाद रेलवे ने इसकी जांच शुरू कर दी है।

बता दें 11 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नागपुर से वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ किया था। 12 दिसंबर से इस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू किया गया। बुधवार दोपहर 2:05 को नागपुर से छूटने के बाद शाम पांच बजे के बाद यह ट्रेन दुर्ग पहुंची। दुर्ग से भिलाई स्टेशनों के बीच इस ट्रेन पर पथराव हुआ है। बताया जा रहा है कि ट्रेन के ई-1 कोच की खिड़की पर पत्थर लगा जिससे कांच क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद इसकी सूचना आरपीएफ को दी गई। ट्रेन पर पथराव की सूचना के बाद रेलवे ने भी इसकी जांच कर निर्देश दिया है।




