सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मंगलवार को सुरक्षाबलों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ की खबर है। मुठभेड़ में नक्सलियों के एक बड़े लीडर के मारे जाने की खबर है। जिस जगह पर मुठभेड हुई है वहां सर्च ऑपरेशन जारी है। सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। हालांकि यह नहीं बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में कितने नक्सली मारे गए और जवानों को कितना नुकसान हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ एराबोर थाना क्षेत्र में हुई है। मंगलवार सुबह सीआरपीएफ 219वीं बटालियन और डीआरजी के जवान संयुक्त रूप से सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान भेज्जी इलाके में पहले से ताक में बैठे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों की फायरिंग के के बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया है। उसे नक्सलियों के जनताना सरकार अध्यक्ष सोढ़ी दुला बताया जा रहा है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं की जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक किरण चौव्हान ने मुठभेड़ की पुष्टि की है और कहा है कि सर्चिंग जारी है।




