रायपुर। आरंग के गुल्लू गांव में शराब दुकान में 10 लाख की लूट का मामला सामने आया है। रायपुर से लगे आरंग इलाके में बदमाशों ने शराब दुकान के गार्डों से मारपीट के बाद बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश शराब दुकान का लॉकर उखाड़कर ले गए हैं। लॉकर में 10 लाख रु रखे होने की जानकारी शराब दुकान संचालक ने दी है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर आरोपियों का तलाश शुरु कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरंग क्षेत्र के गुल्लू गांव स्थित शराब दुकान में गुरुवार तड़के करीब 3-4 बजे तीन बदमाश पहुंचे। उस समय दुकान की सुरक्षा में दो गार्ड अंदर ही सो रहे थे। बदमाशों ने दोनों गार्डों को जमकर पीटा और बंधक बना लिया। इसके बाद लॉकर को उखाड़ लिया और अपने साथ लेकर भाग निकले। शराब दुकान के मैनेजर ने बताया कि लॉकर में करीब 10 लाख रुपए थे। अब तक की जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि बदमाश आसपास के हैं और कई दिनों की रेकी के बाद शराब की दुकान को निशाना बनाया। पुलिस ने विश्वास दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




