रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली में वृद्धा पेंशन की राशि में बड़ी गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। दरअसल यहां एक वृद्ध महिला की पेंशन की राशि किसी दूसरे के खाते में जा रही थी। वृद्धा को 17 माह से पेंशन नहीं मिल रहा था। जब मामला निगम आयुक्त तक पहुंचा तो उसने जांच कराई और जिस खाते में रकम जा रही है उससे पूरी रकम की रिकवरी कर महिला को एकमुश्त राशि सौंपी गई। साथ ही दस्तावेज में खाता संख्या सुधारने के निर्देश भी दिए। 17 माह की पेंशन एक साथ पाकर वृद्ध महिला का चेहरा खिल गया।

वार्ड 17 शिव पारा स्टेशन मरोदा निवासी मोंगरा बाई को वृद्धा पेंशन की राशि 350 रूपए हर माह स्वीकृत है लेकिन उसके खाते में पेंशन की राशि जमा नहीं हो रही थी। मोंगरा बाई का बेटा मजदूरी करता है। मजदूरी के दौरान उसकी निगम के पेंशन शाखा में बातचीत हुई तो उसने बताया कि उसकी मां का पेंशन 17 माह से नहीं मिल रहा है। जब बात आयुक्त आशीष देवांगन तक पहुंची तो उन्होंने इसकी जांच करवाई।
जांच में पता चला कि दस्तावेज में खाता नंबर गलत दर्ज होने से राशि किशोर नायक नाम के व्यक्ति के खाते में जमा हो रही थी। मामले का खुलासा होते ही आयुक्त आशीष देवांगन ने निगम के कर्मचारी के माध्यम से किशोर तक पहुंचकर पेंशन राशि वापस लेकर वास्तवीक हितग्राही को दी गई। निगम आयुक्त आशीष देवांगन ने को कार्यालय बुलाकर मोंगरा बाई को एकमुश्त 5950 रूपए पेंशन राशि दी। जैसे ही आयुक्त ने महिला को एकमुश्त पेंशन राशि दी महिला भावूक हो गई। वृद्ध महिला की आंखे भर आई। वह हाथ जोड़ आयुक्त के प्रति आभार जताया।




