
रायपुर। राजधानी में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन संचालित पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) के नाम से नकली दफ्तर का भांडाफोड हुआ है। शुक्रवार को पुलिस छापेमारी में इस दफ्तर से ऐसे दस्तावेज मिले जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। इस दफ्तर में भारत सरकार के सील और चिन्ह वाले ऐसे लैटर्स मिले। वहीं दफ्तर चलाने वाला व्यक्ति अपने आप को पत्रकार बताता रहा। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय केके विभिन्न कार्यालयों जैसे पीआईबी, रीजनल आउटरिच ब्यूरो, दूरदर्शन एवं आकाशवाणी मे नियुक्ति दिलाने के लिए एक फर्जी कार्यालय लोदीपारा चौक, रायपुर से संचालित किया जा रहा था। इस कार्यालय को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सील कर दिया है। न्यूज कलेक्शन के नाम से कई लोगों की नियुक्ति किए जाने की मिली शिकायत के बाद पुलिस ने छापा मारकर मुख्य आरोपी अभीजीत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
भारत सरकार के इस विभाग के नाम पर रायपुर के अभिजीत शर्मा नाम के इस युवक ने अपना प्राइवेट ऑफिस खोला हुआ था। छापे में मिले भारत सरकार, दूरदर्शन, प्रसार भारती के ऑफिशियल सील और लैटरपैड का इस्तेमाल खुद को भारत सरकार से जुड़ा हुआ अफसर बताने में करता था। यही नहीं गिरफ्तारी के बाद अभिजीत शर्मा अपने आप को पत्रकार बताता रहा। लोधी पारा कि जिस बिल्डिंग में यह पूरा फर्जीवाड़ा चल रहा था वहां अभिजीत ने सरकारी दफ्तर का पूरा सेटअप बना रखा था। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
पीआईबी का एकमात्र दफ्तर छत्तीसगढ़ संवाद भवन में
फर्जी कार्यालय का भांडाफोड़ होने के बाद पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा बताया गया है कि पीआईबी सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की इकाई है। यहां रायपुर सहित देश भर के कार्यालयों का पता एवं संपर्क विवरण दर्ज है। पत्र सूचना कार्यालय रायपुर का एक मात्र क्षेत्रीय कार्यालय छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ संवाद भवन, छोटापारा, महिला थाना के सामने स्थित है। अत: किसी अन्य पते पर स्थित कार्यालय से प्राप्त पत्रों, नियुक्ति पत्रों इत्यादि की सूचना नजदीकी पुलिस थाने को दें।




