
नारायणपुर। नारायणपुर जिले में मंगलवार को नक्सलियों ने डीआरजी जवानों से भरी बस में ब्लास्ट कर दिया। इस हमले में 4 जवान शहीद हो गए हैं, जबकि 8 घायल बताए जा रहे हैं। ब्लास्ट के दौरान बस में 24 जवान सवार थे। सभी जवान एक ऑपरेशन में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। डीजीपी डीएम अवस्थी ने घटना की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के मुताबिक नारायणपुर में नक्सल विरोधी अभियान के बाद डीआरजी जवान वापस लौट रहे थे। उसी दौरान एक आईईडी ब्लास्ट में बस के ड्राइवर समेत 4 जवान शहीद हो गए। इस घटना में 02 जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं और 12 जवानों को सामान्य रूप से घायल हुए हैं। जिले के कड़ेनार इलाके में धौड़ाई और पल्लेनार के बीच घने जंगल में नक्सलियों ने घात लगाकर बस को निशाना बनाया।
मुख्यमंत्री बघेल ने की घटना की कड़ी निंदा, घायल जवानों को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नारायणपुर में नक्सलियों द्वारा जवानों से भरी बस को ब्लास्ट से उड़ाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस दुखद घटना में एक वाहन चालक सहित डीआरजी के 4 जवानों की शहादत पर मुख्यमंत्री ने गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने शहीद जवानों और वाहन चालक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि सुरक्षा बलों की लगातार की जा रही कार्रवाई से नक्सलियों के पैर उखडऩे लगे हैं। यह घटना नक्सलियों की हताशा का परिणाम है। नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान और तेज होगा। मुख्यमंत्री ने इस घटना में घायल जवानों को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं, साथ ही उन्होंने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी को घटना की पूरी जानकारी लेकर सभी आवश्यक कदम शीघ्र उठाने के निर्देश दिए हैं।
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने जताई संवेदना
इस घटना के प्रति गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ट्विट कर कहा कि नारायणपुर में नक्सलियों द्वारा किए गए बस ब्लास्ट में जवानों के शहादत की खबर सुन आहत हूं। उनकी वीरता को मेरा प्रणाम। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायल जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। घटना की पूरी जानकारी SDG नक्सल ऑपरेशन व बस्तर IG से लेकर तत्काल घायल जवानों के उचित व सर्वोत्तम इलाज के लिए निर्देशित किया है।





