रायपुर। दुर्ग पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद अब रायपुर पुलिस भी सटोरियों के खिलाफ पूरे एक्शन मोड में काम कर रही है। दुर्ग पुलिस द्वारा दर्जनों महादेव बुक के सैकड़ों सटोरियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की है। इसी एक्शन मोड में अब रायपुर पुलिस भी मैदान में है औार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है।
अब रायपुर पुलिस ने महादेव बुक (सट्टे) के खिलाफ 18 सटोरियों को पकड़ा है। जिनके पास से करोड़ों रुपए के लेन-देन का हिसाब मिला है। महादेव बुक ऐप के जरिए अभी भी पूरे प्रदेश से सटोरियों का बड़ा रैकेट चल रहा है। रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई में इनके पास से 7 लैपटॉप, 28 मोबाइल फोन, 6 लैपटॉप के चार्जर, 2 राउटर,1 एटीएम कार्ड मिला है। ये सटोरिए महादेव ऑनलाइन सट्टा लाईव केसिनो, पोकर गेम, लूडो, फुटबॉल के गेम पर हार जीत का दांव लगाते थे। इनके पास से करोड़ों के सट्टा का हिसाब-किताब लिखे 6 रजिस्टर भी मिले हैं।
इस तरह से धरे गए सटोरिए
पुलिस को खबर मिली थी कि स्टेशन के पास एक व्यक्ति लैपटॉप में महादेव ऐप के आईडी से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा का संचालन कर रहा है। इसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम बलराम पाठक बताया। ये दुर्ग का रहने वाला निकला। उसने बताया कि मैं अपने अन्य साथी फारुख रंगरेज, मोह. समीर, अभिमन्यु सिंह, विवेक सिंह, दिलीप कुमार वर्मा, संजय कुमार, तुषार नागदेव, तुषार कुमार साहू के साथ ये काम कर रहा था। ये सभी वर्तमान में दिल्ली के नवादा मेट्रो स्टेशन पास एक कमरे में हैं। रायपुर के गोलबाजार इलाके की पुलिस को इनपुट मिला कि शास्त्री मार्केट स्थित मेजबान होटल के पास एक व्यक्ति को मोबाइल फोन में महादेव ऐप का आईडी बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चला रहा है। जब यह शख्स पुलिस की पकड़ आया तो पता चला कि यह दुर्ग का रहने वाला समीर खान है। इसने बताया कि इसके बाकी साथी राज साहनी, सतीश कुमार, रोहित लाल, राहुल कुमार, चंदन देवांगन, इम्तियाजुद्दीन, रितु सिंह एवं धनंजय सिंह भी दिल्ली से इसके साथ सट्टे के धंधे में हैं।
दिल्ली में रायपुर पुलिस की दबिश
रायपुर पुलिस ने दिल्ली में सट्टेबाजों के ठिकानों पर छापा मारा। यहां पुलिस को नवादा मेट्रो स्टेशन पास स्थित कमरे में 8 व्यक्ति मिले, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम फारुख रंगरेज, मोह. समीर, अभिमन्यु सिंह, विवेक सिंह, दिलीप कुमार वर्मा, संजय कुमार, तुषार नागदेव तथा तुषार कुमार साहू होना बताया। इसके साथ ही नवादा फिटनेस जिम पास स्थित कमरे में भी 8 व्यक्ति उपस्थित पाये गये, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम राज साहनी, सतीश कुमार, रोहित लाल, राहुल कुमार, चंदन देवांगन, इम्तियाजुद्दीन, रितु सिंह एवं धनंजय सिंह होना बताया। इन सभी को अरेस्ट किया गया।




